मोदी सरकार-२ का पहला वर्ष जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला: केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी
कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी के नेतृत्व में बायतु विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हुए भाजपा बूथ संपर्क अभियान के कार्यक्रम
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी के नेतृत्व में गुरुवार को बायतु विधानसभा क्षेत्र के रिछोली, पाटौदी एवं चिलानाडी में भाजपा बूथ सम्पर्क अभियान के तहत आमजन को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने की उपलब्धियों के बारे में बताया गया। यहां पर केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों का प्रधानमंत्री मोदीजी पर विश्वास बढ़ा है। ऐसा इसलिए क्योंकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है।
इसके बाद कैलाश चौधरी ने कुम्पलिया में माँ वांकल के दर्शन करते हुए परेऊ में श्री गुलाब भारती मठ में महंत ओंकार भारती से आशीर्वाद लिया।
बूथ संपर्क अभियान के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति पर है। छह साल पहले जहां नरेंद्र मोदी ने डिजिटल इंडिया का नारा दिया था। तब विपक्ष मजाक बना रहा था, लेकिन आज डिजिटल इंडिया वैश्विक महामारी के दौर में वरदान साबित हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक समय था जब विकास के लिए जारी 90 पैसे जनता तक पहुंचते ही नहीं थे। गरीब जनता हाथ मलते रह जाती थी, लेकिन अब मोदी सरकार में पारदर्शिता बढ़ी है।
कैलाश चौधरी ने कहा कि वैश्विक महामारी के दौर में भी 20 करोड़ से अधिक जनधन खातों में सीधे मदद पहुंचाई गई। तीन महीने का राशन जनता तक पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री ने आठ करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ देकर धुआं मुक्त रसोई का सपना साकार किया। इस दौरे में भाजपा नेता बालाराम मूंढ़ सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पहला वर्ष जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला: केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि पहला वर्ष जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला रहा है, केंद्र सरकार ने पहले ही वर्ष में तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए कानून बनाया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति और लद्दाख को केंद्र शासित राज्य बनाकर एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करके लाखों- करोड़ों लोगों का सैकड़ों वर्षों का इंतजार खत्म किया। आत्म निर्भर भारत अभियान के तहत जारी 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज के साथ ही कोरोना महामारी संकट का सरकार ने जिस तरह से मुकाबला किया है वह अभूतपूर्व है।
बायतु (बाड़मेर)